आरा/मनीष

भोजपुर के कोइलवर प्रखण्ड स्थित बहियारा गांव के अपने पैतृक आवास के विशाल परिसर में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा ने बिहार के लोक महापर्व छठ पर्व के पावन अवसर पर सैकड़ो छठ व्रती महिलाओं व पुरुषों के बीच कलसुप,फल, नारियल,साड़ी और पूजन सामग्री का वितरण किया।इस अवसर पर आरा के विधायक और बिहार सरकार के कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह भी पूर्व राज्यसभा सांसद के आवास पर मौजूद थे और उन्होंने भी छठ व्रतियों के बीच कलसुप,फल,साड़ी और पूजन सामग्री वितरित की।पूजन सामग्री के साथ साथ छठ व्रती महिलाओ और पुरुषों को जाड़े के मौसम को देखते हुए कंबल का वितरण भी किया गया।


छठ पूजा के अवसर पर छठ पूजन सामग्री के वितरण समारोह के दौरान बहियारा और आसपास के आधा दर्जन गांवों के सैकड़ो की संख्या में छठ व्रती उपस्थित थे जिन्हें पूजा के लिए कलसुप से भरी सामग्रियों को भेंट किया गया।इस अवसर पर छठ व्रतियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए भाजपा के संस्थापक सदस्य और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा ने कहा कि छठ पर्व आस्था और विश्वास का महापर्व है।इस महापर्व पर व्रतियों को पूजन सामग्री वितरित करने का कई सालों से उनका सिलसिला जारी है।ऐसा आयोजन कई जगहों पर किया जाता है।इस साल भी पूजन सामग्री वितरित करने का पुण्य कार्य शुरू हुआ है।


उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पर कलसुप में फल और पूजन सामग्री के साथ अर्घ्य देने की परंपरा रही है।इसी परंपरा और आस्था को ध्यान में रखकर उनका कलसुप में फल और पूजन सामग्री व्रतियों तक पहुंचाने का प्रयास निरन्तर जारी है।उन्होंने कहा कि छठ बिहार का लोक महापर्व है और आस्था और विश्वास का महान पर्व भी है।उन्होंने कहा कि उनकी मां अनपूर्णा देवी ने लगातार 51 सालों तक छठ महापर्व किया और उन्होंने उन्हें व्रतियों के जल में खड़ा होकर व्रत करने एवं अर्घ्य देने के दौरान कलसुप का धार्मिक महत्व बताया और जरूरतमंद छठ व्रतियों को कलसुप के साथ पूजन सामग्री वितरित करने की प्रेरणा दी।


उन्होंने कहा कि अपनी मां की प्रेरणा से वे विगत दस- पंद्रह सालों से छठ व्रतियों के बीच कलसुप फल,नारियल, और पूजन सामग्री का वितरण कर रहे हैं।एक जगह से शुरू हुआ यह वितरण का कार्य अब दर्जनों जगह तक पहुंच गया है।इस अवसर पर उपस्थित आरा के विधायक और बिहार सरकार के कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा के संस्थापक सदस्य और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा द्वारा छठ महापर्व पर किया जा रहा पूजन सामग्री वितरण का कार्य पुण्य का कार्य है और इनके माध्यम से इस पुण्य के काम मे हमारी भी उपस्थिति हुई है।कृषि मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आज वैश्वीक महामारी कोरोना के कारण लम्बे अंतराल के बाद पैतृक आवास पर अपने नेता आरके सिन्हा से मिलकर धन्य हो गया हूँ।उन्होंने कहा कि उनसे मिलकर भाजपा के हर एक कार्यकर्ताओ में नई ऊर्जा,उत्साह और उमंग का संचार होता है।


छठ पूजन सामग्री वितरण के बाद पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा ने बताया कि उनके प्रयास से बहियारा गांव में सोन नदी के सुरम्य तट पर निर्मित विशाल एसपी सिन्हा छठ छठ घाट सज धज कर तैयार है और यहां पांच हजार से अधिक छठ व्रती छठ पूजा कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि इस छठ घाट की विशेषता यह है कि इस घाट पर सोन नदी के किनारे नाम मात्र का दलदल नही है और छठ व्रतियों को पूजा करने और अर्घ्य देने में कोई परेशानी नही होती।सोन नदी की कल कल करती जलधारा में स्वच्छ जल और नीचे सोने समान सोनभद्र का बालू व्रतियों को अर्घ्य देने में काफी राहत देती है।इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद के जनसंपर्क अधिकारी सतीश राजू सहित दर्जनों सामाजिक एवं राजनैतिक कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.